
पंजाब कांग्रेस में जारी गुटबाजी को खत्म करने के लिए पार्टी हाईकमान ने दिल्ली में बैठकों का दौर तेज कर दिया है। गुरुवार दोपहर पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी की कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि बैठक इंदिरा भवन में हो सकती है, जिसमें पंजाब के अन्य कांग्रेस सांसद भी शामिल हो सकते हैं।
दिल्ली पहुंचे चन्नी और रंधावा
चरणजीत सिंह चन्नी और सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा दिल्ली पहुंच चुके हैं। दोनों नेता सोमवार से शुरू होने वाले संसद के मानसून सत्र में भी हिस्सा लेंगे। इससे पहले पार्टी नेतृत्व के साथ पंजाब कांग्रेस की मौजूदा स्थिति और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, चन्नी और उनके समर्थक पहले ही राहुल गांधी से मुलाकात के लिए समय मांग चुके हैं।

नेतृत्व परिवर्तन पर अभी फैसला नहीं
पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल लगातार दोहरा रहे हैं कि फिलहाल प्रदेश संगठन में किसी तरह का नेतृत्व परिवर्तन नहीं होगा। हालांकि पार्टी के भीतर जारी खींचतान को देखते हुए हाईकमान सभी गुटों की राय लेकर ही अंतिम फैसला करना चाहता है। इसी वजह से लगातार वरिष्ठ नेताओं से फीडबैक लिया जा रहा है।
सभी गुटों को साथ लेकर आगे बढ़ने की कोशिश
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में पंजाब कांग्रेस के नए संगठनात्मक ढांचे को लेकर गंभीर मंथन चल रहा है। पार्टी नेतृत्व चाहता है कि किसी भी बड़े फैसले से पहले सभी गुटों को विश्वास में लिया जाए, ताकि भविष्य में संगठन के भीतर बेहतर तालमेल बन सके। माना जा रहा है कि सभी नेताओं से चर्चा के बाद ही नेतृत्व और संगठन में संभावित बदलाव पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।