ब्रज में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और सपा ने तेज की तैयारी

Uttar Pradesh News(Speedbharatnews): उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव भले ही अभी दूर हों लेकिन ब्रज की राजनीति में अभी से हलचल तेज हो गई है। ब्रज में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और समाजवादी पार्टी दोनों अपनी अपनी रणनीति बनाने में जुट गई हैं। आगरा में अखिलेश यादव ने दलितों को साधने की कोशिश की तो मथुरा में भाजपा ने हिंदुत्व और विकास के मुद्दे को लेकर चुनावी माहौल बनाने का संदेश दिया।
अखिलेश यादव ने PDA के डी को बताया दमदार दलित
15 नवंबर को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आगरा पहुंचे थे। यहां आयोजित दलित महासम्मेलन में उन्होंने PDA के डी को दमदार दलित बताते हुए दलित समाज को अपने साथ जोड़ने का प्रयास किया। सपा की कोशिश है कि यादव और मुस्लिम वोटों के साथ दलित और दूसरी जातियों को भी जोड़ा जाए ताकि 2027 में मजबूत चुनावी समीकरण तैयार हो सके।
मथुरा में भाजपा ने लगाया नारों का जोर
दूसरी तरफ 16 और 17 नवंबर को मथुरा के परखम में भाजपा का आयोजन हुआ। यहां पार्टी ने राधे राधे कमल खिला दे और अयोध्या हुई हमारी अब मथुरा की बारी जैसे नारों के जरिए अपना चुनावी संदेश देने की कोशिश की। भाजपा का जोर सुरक्षा सुशासन और विकास के मुद्दों पर है। पार्टी नेताओं का मानना है कि सरकार के कामकाज और उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच पहुंचने से चुनाव में फायदा मिल सकता है।
ब्रज की 65 सीटों पर नजर
ब्रज क्षेत्र में कुल 65 विधानसभा सीटें हैं और यही वजह है कि दोनों पार्टियां इस इलाके को काफी अहम मान रही हैं। भाजपा जहां अपने पुराने चुनावी प्रदर्शन और सरकारी योजनाओं के सहारे आगे बढ़ना चाहती है वहीं सपा जातीय समीकरणों को मजबूत करके भाजपा को चुनौती देने की तैयारी में है।
प्रत्याशियों को बदलने की मांग भी बन सकती है मुद्दा
ब्रज की राजनीति में सिर्फ जाति और धर्म ही चर्चा का विषय नहीं हैं। यहां रोजगार विकास और स्थानीय समस्याओं को लेकर भी लोगों के बीच सवाल उठ रहे हैं। कई जगह अधूरे वादों को लेकर नाराजगी है। इसके साथ ही कुछ सीटों पर प्रत्याशियों को बदलने की मांग भी सुनाई दे रही है।
अब देखना होगा कि भाजपा अपनी उपलब्धियों और हिंदुत्व के मुद्दे के साथ कितनी मजबूत वापसी करती है और अखिलेश यादव का PDA फॉर्मूला कितना असर दिखाता है। फिलहाल ब्रज की 65 सीटों पर दोनों पार्टियों ने अपनी नजरें जमा दी हैं और 2027 की चुनावी लड़ाई की तैयारी शुरू हो चुकी है।
