राज्य

औरंगाबाद में चोरी से पहले कुत्ते के मुंह पर चिपकाया टेप, लाखों के जेवर और नकदी लेकर भागे चोर

बिहार के औरंगाबाद जिले में चोरी की एक वारदात ने पूरे गांव की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरों ने घर में घुसने से पहले वहां मौजूद पालतू कुत्ते को ही निशाना बनाया। उसके मुंह पर टेप चिपका दिया, ताकि उसकी आवाज बाहर न जा सके। इसके बाद चोरों ने बेखौफ होकर घर के कई कमरों में तलाशी ली और लाखों रुपये का सामान लेकर फरार हो गए।

आधी रात के बाद घर में घुसे चोर

घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भरवार गांव की बताई जा रही है। पीड़ित आलोक सिंह के मुताबिक, वह और उनकी पत्नी घर के अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। परिवार के कुछ सदस्य रक्षाबंधन के लिए रिश्तेदारों के यहां गए हुए थे।

रात करीब 12 बजे के बाद अज्ञात चोर घर में दाखिल हुए। तेज बारिश और कूलर की आवाज का फायदा उठाते हुए उन्होंने सबसे पहले आंगन में बंधे पालतू कुत्ते के मुंह पर टेप लगा दिया। इसके बाद घर के अंदर चोरी शुरू कर दी।

तीन कमरों के ताले तोड़े

चोरों ने घर के तीन कमरों के दरवाजों के ताले तोड़ दिए। इसके बाद दो गोदरेज अलमारियों और दो लोहे के ट्रंक को खंगाला। घर के अंदर सामान बुरी तरह बिखरा मिला।

औरंगाबाद में चोरी से पहले कुत्ते के मुंह पर चिपकाया टेप, लाखों के जेवर और नकदी लेकर भागे चोर

पीड़ित परिवार का दावा है कि चोर करीब साढ़े तीन से चार लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 40 हजार रुपये नकद लेकर भाग गए। सुबह नींद खुलने पर जब परिवार ने कमरों की हालत देखी तो चोरी का पता चला।

सुबह सामने आया पूरा मामला

घर में बिखरा सामान देखकर परिवार के होश उड़ गए। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। गांव के बीचों-बीच हुई चोरी ने आसपास के लोगों में भी चिंता बढ़ा दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान रात में गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

ग्रामीणों ने बढ़ाई रात्रि गश्त की मांग

सामाजिक कार्यकर्ता और ओरा पंचायत के भावी प्रत्याशी विक्रम कुमार सिंह उर्फ राजा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने थाना क्षेत्र के गांवों में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की, ताकि बारिश के मौसम में चोरी की ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाने की पुलिस गांव पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। थानाध्यक्ष अशोक कुमार के मुताबिक, पीड़ित के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब चोरों की पहचान और चोरी किए गए सामान की बरामदगी के लिए जांच कर रही है।

बारिश की आड़ में हुई इस वारदात ने गांवों में रात की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। अब ग्रामीणों की नजर पुलिस की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button