राजनीतिराज्य

राज्यसभा टिकट पर यूपी बीजेपी में घमासान, दो पूर्व सांसदों की नाराजगी से बढ़ी सियासी हलचल

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेपी की उम्मीदवारों की सूची सामने आने के बाद पार्टी के भीतर नाराजगी की चर्चाएं तेज हो गई हैं। आंवला से पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप और मोहनलालगंज के पूर्व सांसद कौशल किशोर को लेकर सियासी हलकों में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। दोनों नेताओं के अगले राजनीतिक कदम पर अब सबकी नजर है।

बीजेपी की लिस्ट के बाद धर्मेंद्र कश्यप का पोस्ट

बीजेपी की राज्यसभा उम्मीदवारों की सूची जारी होने के कुछ ही समय बाद पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया। उन्होंने लिखा— ‘टाटा, बॉय-बॉय’।

हालांकि, इस पोस्ट में उन्होंने बीजेपी या राज्यसभा टिकट का सीधे तौर पर कोई जिक्र नहीं किया। इसके बावजूद राजनीतिक गलियारों में इसे पार्टी के फैसले से नाराजगी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

सपा से नजदीकी की चर्चा

धर्मेंद्र कश्यप को लेकर एक और चर्चा तेजी से चल रही है। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में उनकी समाजवादी पार्टी के नेताओं से नजदीकियां बढ़ी हैं। खबरों के मुताबिक, उनकी सपा प्रमुख से मुलाकात भी हो चुकी है।

ऐसे में उनके ‘टाटा बॉय-बॉय’ पोस्ट को बीजेपी छोड़कर सपा का रुख करने की संभावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, धर्मेंद्र कश्यप की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई स्पष्ट घोषणा सामने नहीं आई है।

राज्यसभा टिकट पर यूपी बीजेपी में घमासान, दो पूर्व सांसदों की नाराजगी से बढ़ी सियासी हलचल

कौशल किशोर खेमे में भी नाराजगी?

दूसरी ओर, पूर्व केंद्रीय मंत्री और मोहनलालगंज के पूर्व सांसद कौशल किशोर को लेकर भी बीजेपी के भीतर नाराजगी की चर्चा है। राज्यसभा उम्मीदवारों की सूची आने के बाद उनके बेटे विकास किशोर की सोशल मीडिया पोस्ट ने इन चर्चाओं को और हवा दे दी।

विकास किशोर ने अपनी पोस्ट में परिवार और माता-पिता के सम्मान को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा कि जिस परिवार में माता-पिता का सम्मान नहीं होता, वहां नहीं रहना चाहिए। हालांकि, उन्होंने अपनी पोस्ट में राज्यसभा उम्मीदवारों या बीजेपी के फैसले का सीधे तौर पर उल्लेख नहीं किया।

पहले भी सामने आ चुकी है नाराजगी

कौशल किशोर के परिवार की ओर से पार्टी को लेकर नाराजगी के संकेत पहले भी सामने आते रहे हैं। मंदिर में पूजा से जुड़े एक विवाद को लेकर उनकी पत्नी और बेटे की ओर से बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए गए थे।

अब राज्यसभा उम्मीदवारों की सूची के बाद एक बार फिर उनके परिवार की सोशल मीडिया गतिविधियों ने सियासी चर्चाओं को तेज कर दिया है।

विधानसभा चुनाव से पहले बढ़ेगी हलचल?

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के अंदर नेताओं की नाराजगी पार्टी के लिए अहम चुनौती बन सकती है। हालांकि, धर्मेंद्र कश्यप और कौशल किशोर के अगले कदम को लेकर अभी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है।

फिलहाल, धर्मेंद्र कश्यप के ‘टाटा बॉय-बॉय’ पोस्ट और विकास किशोर के बयान ने यूपी की सियासत में अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है। अब देखना होगा कि दोनों नेताओं की नाराजगी सिर्फ असंतोष तक सीमित रहती है या आने वाले दिनों में कोई बड़ा राजनीतिक फैसला सामने आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button