
बहुद्देशीय शिविर को लेकर शुरू हुआ भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी विवाद अब और तेज हो गया है। बुधवार को दोनों दलों ने एक-दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन और पुतला दहन का ऐलान किया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार का पुतला जलाकर विरोध जताया, जबकि भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस विधायक मदन सिंह बिष्ट का पुतला दहन करने के लिए मुख्य चौक पर एकत्र हुए।
‘पुतला क्या जलाते हो, मैं खुद आ गया’
भाजपा के प्रदर्शन के दौरान अचानक कांग्रेस विधायक मदन सिंह बिष्ट अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से कहा, “पुतला क्या जलाते हो, मैं खुद ही आ गया हूं, मुझे जलाओ।” विधायक के अचानक पहुंचने से भाजपा कार्यकर्ता कुछ देर के लिए हतप्रभ रह गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी नारेबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।

पोस्टर फाड़ने पर बढ़ा तनाव
स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतले पर लगे मदन सिंह बिष्ट के पोस्टर को फाड़ दिया। इसके बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। मुख्य चौक पर माहौल बिगड़ता देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस की मौजूदगी में हुआ पुतला दहन
हंगामे के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोबारा प्रदर्शन शुरू किया और विधायक मदन सिंह बिष्ट के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। इस राजनीतिक टकराव ने क्षेत्र की सियासत को और गर्मा दिया है।