पलवल में स्टंटबाजी पर पुलिस का शिकंजा, 35 हजार का चालान और दो गाड़ियां जब्त

सोशल मीडिया पर रील और वीडियो बनाने के लिए सड़कों पर स्टंटबाजी और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ पलवल पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। बघोला फ्लाईओवर के पास चलती गाड़ियों से बाहर निकलकर पर्चे फेंकने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो वाहनों को जब्त किया और करीब 35 हजार रुपये का चालान काटा।
चलती कारों से बाहर निकलकर कर रहे थे हुड़दंग
मामला राष्ट्रीय राजमार्ग-19 स्थित बघोला फ्लाईओवर के पास का है। यहां कुछ युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। वीडियो में युवक चलती कारों से बाहर निकलकर पर्चे फेंकते और सड़क पर हुड़दंग करते दिखाई दे रहे थे।
बताया गया कि युवक एक कॉलेज में पढ़ते हैं और कॉलेज चुनाव से जुड़े जश्न के दौरान यह हरकत कर रहे थे। छात्र पृथला पलवल से पृथला गांव की तरफ जा रहे थे। इस दौरान कारों से पर्चियां फेंकने और सड़क पर यातायात प्रभावित करने का वीडियो सामने आया।
वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने लिया संज्ञान
वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पलवल की पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को आरोपित युवकों और घटना में इस्तेमाल वाहनों की पहचान कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके बाद थाना गदपुरी प्रभारी उप-निरीक्षक कुलदीप सिंह की टीम ने वीडियो और अन्य जानकारी के आधार पर दोनों वाहनों की पहचान की।

35 हजार रुपये का चालान, दो गाड़ियां जब्त
पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने के मामले में दोनों वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। दोनों गाड़ियों पर करीब 35 हजार रुपये का चालान किया गया।
पुलिस ने स्टंटबाजी में इस्तेमाल स्कार्पियो और बलेनो को भी जब्त कर लिया। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के बाद युवकों ने अपनी गलती स्वीकार की और भविष्य में इस तरह की गतिविधि नहीं करने की बात कही।
युवकों ने दूसरों से भी की अपील
पुलिस कार्रवाई के बाद युवकों ने अपनी गलती मानते हुए अन्य युवाओं से भी सड़क पर स्टंटबाजी, हुड़दंग या सोशल मीडिया रील बनाने के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं करने की अपील की।
पुलिस ने युवकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया, जबकि दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया।
हाईवे पर स्टंट से दूसरों की जान भी खतरे में
पलवल पुलिस का कहना है कि हाईवे पर इस तरह की लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। चलती गाड़ी से बाहर निकलना, सड़क पर पर्चे फेंकना या वाहन चलाते समय स्टंट करना केवल संबंधित युवकों के लिए ही नहीं, बल्कि आसपास चल रहे दूसरे वाहन चालकों के लिए भी खतरा पैदा करता है।
पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज के लिए अपनी और दूसरों की सुरक्षा को खतरे में न डालें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।
