देशराजनीति

जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे पीएम मोदी, तैयारियां तेज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा के जींद पहुंचकर देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसी दौरान वह प्रदेश की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर भाजपा संगठन और राज्य सरकार ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रशासन और पार्टी स्तर पर व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय

बुधवार को भाजपा के गोहाना जिला कार्यालय में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में प्रधानमंत्री की रैली की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की गईं और अधिक से अधिक संख्या में जींद पहुंचने का आह्वान किया गया। जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक ने कहा कि प्रधानमंत्री हरियाणा को देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन और कई विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। जिला प्रभारी डॉ. किरण कलकल ने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत लगाने की अपील की।

जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे पीएम मोदी, तैयारियां तेज

हरियाणा को मिलेगी नई पहचान

लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित समीक्षा बैठक में सहकारिता, कारागार एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जींद-गोहाना-सोनीपत रेलखंड पर हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन भारतीय रेलवे के इतिहास में एक नई उपलब्धि होगी और इससे हरियाणा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

विकास और संगठन दोनों पर फोकस

बैठक के दौरान भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से 17 जुलाई के कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। साथ ही विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने, त्रुटियों को सुधारने और आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में डॉ. रीटा शर्मा, मंडल अध्यक्ष प्रवीण खुराना, अरुण बड़ौक, सुमित कक्कड़, हरकेश सरपंच समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button