राजनीतिराज्य

पंतनगर पहुंचे शिवराज सिंह चौहान, कृषि के भविष्य पर दिया बड़ा संदेश

हरित क्रांति की जन्मस्थली पंतनगर एक बार फिर देश की कृषि सोच का केंद्र बनी। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यहां कृषि वैज्ञानिकों, छात्रों और पूर्व छात्रों के बीच भविष्य की खेती, तकनीकी नवाचार और विकसित भारत के विजन पर विस्तार से बात करते हुए कई महत्वपूर्ण संदेश दिए।

पंतनगर में दो दिवसीय सम्मेलन का शुभारंभ

गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित दो दिवसीय पूर्व छात्र सम्मेलन और ‘ब्रेन 3.0’ कार्यशाला का शुभारंभ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कृषि मंत्री गणेश जोशी और सांसद अजय भट्ट ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में कृषि अनुसंधान, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले पूर्व छात्रों को सम्मानित भी किया गया।

‘मैं पंतनगर को धन्य करने नहीं, स्वयं धन्य होने आया हूं’

अपने संबोधन में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वह पंतनगर किसी को सम्मान देने नहीं, बल्कि स्वयं इस ऐतिहासिक संस्थान की धरती पर आकर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय ने देश को केवल डिग्रियां नहीं दीं, बल्कि ऐसे वैज्ञानिक, नीति निर्माता और कृषि विशेषज्ञ तैयार किए जिन्होंने भारतीय कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी।

पंतनगर पहुंचे शिवराज सिंह चौहान, कृषि के भविष्य पर दिया बड़ा संदेश

कृषि के सामने नई चुनौतियां

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत आज चावल उत्पादन में दुनिया में पहले स्थान पर पहुंच चुका है और गेहूं उत्पादन में भी आत्मनिर्भर है। उन्होंने चेताया कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ता तापमान, भूजल स्तर में गिरावट, मिट्टी की गुणवत्ता और रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग जैसी चुनौतियों का समाधान केवल वैज्ञानिक अनुसंधान और नई तकनीकों से ही संभव होगा।

डिजिटल एग्रीकल्चर बनेगा भविष्य

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप ने बताया कि पंतनगर विश्वविद्यालय अब डिजिटल कृषि और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित खेती की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। परिसर में अत्याधुनिक डेटा सेंटर विकसित किया जा रहा है, जिससे भविष्य की स्मार्ट खेती और अनुसंधान को नई गति मिलेगी।

पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

शिवराज सिंह चौहान ने पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि वे प्रतिदिन एक पौधा लगाते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि अपने जन्मदिन या किसी विशेष अवसर पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं। उनका कहना था कि समृद्ध किसान और विकसित कृषि के बिना विकसित भारत का सपना अधूरा रहेगा।

हेरिटेज विश्वविद्यालय बनाने की मांग

प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने पंतनगर विश्वविद्यालय को हेरिटेज विश्वविद्यालय घोषित करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि राज्य में कृषि भूमि कम होने के बावजूद उत्पादन बढ़ा है, जो आधुनिक कृषि नीतियों और वैज्ञानिक शोध का सकारात्मक परिणाम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button