मनोरंजन

250 फिल्मों की आवाज, फिर भी न सेलिब्रिटी लाइफ न दिखावा, जानिए अरिजीत की असली दुनिया

बॉलीवुड की चकाचौंध भरी दुनिया में जहां कलाकारों की ज़िंदगी कैमरों और चमकदार पार्टियों में सिमट जाती है वहीं अरिजीत सिंह एक ऐसा नाम हैं जो इस भीड़ में अलग नज़र आते हैं। करोड़ों दिलों पर राज करने वाले इस गायक की ज़िंदगी आज भी उतनी ही सादी है जितनी एक आम इंसान की होती है। मुंबई जैसे बड़े शहर की भागदौड़ से दूर वे अपने गांव जियागंज में अपने परिवार के साथ रहते हैं और स्कूटर चलाते हुए आम सड़कों पर नज़र आ जाते हैं।

शोहरत से पहले संघर्ष की लंबी राह

अरिजीत सिंह ने हमेशा से गायक बनने का सपना देखा था लेकिन यह रास्ता उनके लिए आसान नहीं था। संगीत रियलिटी शो में हिस्सा लेने के बावजूद जीत उनके हाथ नहीं लगी। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और संगीत को ही अपनी ज़िंदगी बना लिया। साल 2010 में फिल्म ‘केडी’ से शुरुआत करने के बाद 2011 में फिल्म ‘मर्डर 2’ के गीतों ने उन्हें पहचान दिलाई। पर असली सितारा उन्हें ‘आशिकी 2’ की सुपरहिट धुनों से बनाया।

गानों की दुनिया में बादशाहत

अरिजीत सिंह अब तक 250 से ज्यादा फिल्मों में गाने गा चुके हैं। उनके दर्जनों गाने आज भी लोगों के दिलों पर छाए हुए हैं। ‘तुम ही हो’, ‘चन्ना मेरेया’, ‘अगर तुम साथ हो’ जैसे गानों ने उन्हें बॉलीवुड का बेताज बादशाह बना दिया है। चाहे प्यार का इज़हार हो या दिल टूटने की कसक अरिजीत की आवाज़ हर भाव को छू जाती है। भारत ही नहीं बल्कि विदेशों में भी उनके कंसर्ट हाउसफुल रहते हैं और लाखों लोग उन्हें सुनने आते हैं।

सादगी की मिसाल बन चुके अरिजीत

अरिजीत की सादगी आज की पीढ़ी के लिए मिसाल बन चुकी है। वे न सिर्फ अपने गांव में रहते हैं बल्कि अक्सर अपने बेटे को स्कूल छोड़ने जाते हुए सामान्य कपड़ों में दिखते हैं। स्कूटर से कहीं भी आना-जाना उनकी आदत में शुमार है। इतने प्रसिद्ध होने के बावजूद उन्होंने अपनी जड़ों को नहीं छोड़ा। बॉलीवुड के सबसे ज्यादा टैक्स देने वाले कलाकारों में से एक होकर भी वे जमीन से जुड़े हुए हैं।

स्टार नहीं कलाकार बनना था सपना

अरिजीत ने साफ कहा था कि उन्हें कभी स्टार बनने का शौक नहीं था। उन्हें सिर्फ संगीत से प्यार है और वे हमेशा एक अच्छे गायक बनना चाहते थे न कि सेलिब्रिटी। यही वजह है कि उन्होंने खुद को फिल्मी ग्लैमर से दूर रखा और केवल संगीत को अपना जीवन बना लिया। आज जब लोग लाइमलाइट के पीछे भागते हैं तब अरिजीत अपने गीतों से दिलों में बसे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button