भारत पाकिस्तान मैच में टूटेगा विराट का रिकॉर्ड तिलक वर्मा रच सकते हैं नया इतिहास

क्रिकेट फैंस की नजरें अब सीधे 15 फरवरी पर टिकी हैं जब टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने सामने होंगी। यह मुकाबला सिर्फ दो टीमों के बीच की टक्कर नहीं बल्कि करोड़ों भावनाओं और रिकॉर्ड्स की जंग भी है। हर बार की तरह इस बार भी यह मैच व्यूअरशिप और रोमांच के नए कीर्तिमान बना सकता है। इसी हाई वोल्टेज मुकाबले से पहले टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका है। तिलक पाकिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो वह इस खास रिकॉर्ड में विराट कोहली को पीछे छोड़ देंगे। विराट और रोहित शर्मा के टी20 इंटरनेशनल से संन्यास के बाद यह रिकॉर्ड अब नई पीढ़ी के सामने है।
पाकिस्तान के खिलाफ छक्कों की लिस्ट में कौन सबसे आगे
अगर पाकिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में भारत के बल्लेबाजों द्वारा लगाए गए छक्कों की बात करें तो फिलहाल विराट कोहली इस लिस्ट में टॉप पर हैं। विराट ने 11 मैचों में 11 छक्के लगाए हैं। उनके बाद दूसरे स्थान पर युवराज सिंह हैं जिन्होंने 8 मैचों में 9 छक्के जड़े थे। इस लिस्ट में आगे अभिषेक शर्मा, रोहित शर्मा और तिलक वर्मा शामिल हैं जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 में अब तक 7 7 छक्के लगाए हैं। यानी विराट कोहली के रिकॉर्ड से तिलक और अभिषेक दोनों सिर्फ चार छक्के पीछे हैं। ऐसे में 15 फरवरी का मुकाबला इस रिकॉर्ड के टूटने या नए नाम के जुड़ने का गवाह बन सकता है।

तिलक और अभिषेक दोनों के पास नंबर वन बनने का मौका
अगर तिलक वर्मा इस मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ पांच छक्के लगाने में सफल हो जाते हैं तो वह भारत के लिए इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। यही नहीं अगर अभिषेक शर्मा प्लेइंग इलेवन में शामिल होते हैं और पांच छक्के जड़ देते हैं तो वह भी विराट को पीछे छोड़कर नंबर वन बन सकते हैं। हालांकि अभिषेक की फिटनेस पर अभी संशय बना हुआ है क्योंकि पेट में इंफेक्शन के चलते वह नामीबिया के खिलाफ मुकाबला नहीं खेल पाए थे। वहीं तिलक वर्मा फिट हैं और लगातार टीम का हिस्सा बने हुए हैं। ऐसे में संभावना ज्यादा है कि यह रिकॉर्ड तिलक के नाम हो सकता है। भारत पाकिस्तान जैसे दबाव भरे मैच में बड़े शॉट खेलना आसान नहीं होता लेकिन तिलक अपनी बेखौफ बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी पारी की तलाश में तिलक
इस टी20 वर्ल्ड कप में तिलक वर्मा अब तक दो मैच खेल चुके हैं और दोनों में उन्होंने 25 25 रन बनाए हैं। उन्हें हर मैच में अच्छी शुरुआत मिली है लेकिन वह अभी तक इसे बड़ी पारी में नहीं बदल पाए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला उनके लिए खुद को साबित करने का सबसे बड़ा मंच है। इससे पहले उन्होंने एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार पारी खेलकर भारत को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। ऐसे में टीम मैनेजमेंट और फैंस दोनों को उनसे बड़ी उम्मीदें होंगी। अगर तिलक इस मैच में लंबी पारी खेलते हैं और छक्कों की बारिश करते हैं तो न सिर्फ भारत की जीत की राह आसान होगी बल्कि एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज हो जाएगा।