कश्मीर घाटी में बढ़ी ठंड, पहलगाम में माइनस 4.3 डिग्री तापमान और बर्फबारी की संभावना के बीच सन्नाटा छाया

देश के कई राज्यों में अभी कड़कड़ाती ठंड का अनुभव किया जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान जताया है। इससे ठंड और तेज होगी। राजधानी दिल्ली समेत कई इलाकों में तापमान में कमी से सर्दी की हालत और गंभीर हो जाएगी।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और कई राज्यों में कोल्ड व चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक 9 से 12 दिसंबर के बीच मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में तेज ठंड की संभावना है। सुबह के वक्त कहीं-कहीं घने कोहरे की भी आशंका है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान लगभग 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है। पिछले 24 घंटे में छत्तीसगढ़, विदर्भ और ओडिशा में भी कोल्ड वेव के हालात देखे गए हैं।

पूर्वोत्तर में घना कोहरा और अन्य जगहों पर मध्यम कोहरा
अगले 24 घंटों में असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घने कोहरे की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा पश्चिम मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और ओडिशा में भी घना कोहरा पड़ सकता है। उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में सुबह के समय मध्यम कोहरे की आशंका है। इस कोहरे से यात्रियों को परेशानी हो सकती है।
तापमान की विस्तृत जानकारी
मौसम विभाग ने बताया कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और उत्तर मध्य प्रदेश के कई इलाकों में तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच है। पंजाब के फरिदकोट और गुरदासपुर में मैदानी इलाकों का सबसे कम तापमान 4.5 डिग्री दर्ज किया गया है।
कश्मीर घाटी में बर्फबारी का पूर्वानुमान
कश्मीर घाटी में ठंड लगातार बढ़ रही है। कई क्षेत्रों में तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया है। पहलगाम में तापमान माइनस 4.3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। आने वाले 24 घंटों में कश्मीर के कई पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। इससे नजारा खूबसूरत होगा लेकिन ठंड और भी बढ़ जाएगी।
