
Punjab News(Speedbharatnews): पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी में अभी से टिकट बंटवारे पर नाराजगी देखने को मिलने लगी है। पार्टी की दूसरी उम्मीदवार लिस्ट सामने आने के बाद कुछ नेताओं में नाराजगी बढ़ गई है। इसी बीच पंजाब डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के डायरेक्टर सुखदीप सिंह छीना ने आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि वह अमृतसर की राजासांसी विधानसभा सीट से टिकट की उम्मीद लगाए बैठे थे लेकिन पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार नहीं बनाया।
सुखदीप सिंह छीना ने अपना इस्तीफा आम आदमी पार्टी पंजाब के अध्यक्ष अमन अरोड़ा को भेजा है। अपने पत्र में उन्होंने साफ लिखा है कि वह पार्टी के सभी पदों के साथ प्राथमिक सदस्यता भी छोड़ रहे हैं। उनके इस फैसले के बाद पंजाब की राजनीति में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि उन्होंने आगे किस पार्टी के साथ जाने या अपनी अगली राजनीतिक रणनीति को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है।
दरअसल आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 31 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की थी। इस लिस्ट में कई नए चेहरों को मौका दिया गया है। राजासांसी सीट से पार्टी ने अभिनेत्री सोनिया मान को अपना उम्मीदवार बनाया है। इसी फैसले के बाद सुखदीप सिंह छीना की नाराजगी और उनके इस्तीफे को टिकट बंटवारे से जोड़कर देखा जा रहा है।
पार्टी की दूसरी लिस्ट में कुछ ऐसे नाम भी शामिल हैं जिनको लेकर पहले से ही राजनीतिक चर्चाएं चल रही थीं। इनमें शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के दो पूर्व करीबी सहयोगियों को भी जगह दी गई है। इसके अलावा दो ऐसे उम्मीदवारों को भी टिकट दिया गया है जिनके आम आदमी पार्टी में शामिल होने के समय विवाद खड़ा हुआ था।
फिलहाल दूसरी लिस्ट आने के बाद पार्टी के अंदर टिकट को लेकर असंतोष सामने आने लगा है। सुखदीप सिंह छीना का इस्तीफा इसी नाराजगी की एक बड़ी घटना माना जा रहा है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में टिकट नहीं मिलने से नाराज दूसरे नेता भी पार्टी छोड़ते हैं या फिर नेतृत्व उन्हें मनाने में कामयाब रहता है।