OTT से थिएटर तक ‘मिर्जापुर’ का सफर, जानिए कब होगी फिल्म की रिलीज़

OTT की दुनिया में जब ‘मिर्जापुर’ आई थी, तब इसने तहलका मचा दिया था। अपने कड़े संवादों, सत्ता की भूख, खूनी जंग और दमदार किरदारों की वजह से यह वेब सीरीज जल्द ही एक कल्ट फेनोमेनन बन गई। इस जबरदस्त लोकप्रियता और दर्शकों के प्यार को देखते हुए अब मेकर्स ने इसे बड़े पर्दे पर लाने का फैसला किया है। ‘मिर्जापुर: द फिल्म’ जल्द ही थिएटर में दस्तक देने वाला है। फैंस के लिए खुशी की बात है कि हाल ही में मेकर्स ने सोशल मीडिया पर फिल्म की शूटिंग पूरी होने की जानकारी दी है। अब यह फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन के चरण में है, जिससे फैंस का उत्साह आसमान छू रहा है।
सबसे प्रतीक्षित फिल्मों की सूची में शामिल, कहानी पर बनी सस्पेंस की परत
‘मिर्जापुर: द फिल्म’ की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इसे Ormax Cinematics की सबसे प्रतीक्षित हिंदी फिल्मों की सूची में शामिल किया गया है। दर्शक बेसब्री से इस फिल्म के बड़े पर्दे पर आने का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, फिल्म की कहानी को लेकर अभी तक कोई बड़ी जानकारी सामने नहीं आई है। सूत्रों के अनुसार यह फिल्म वेब सीरीज की प्रीक्वल हो सकती है या फिर उसी समयरेखा का कोई अहम हिस्सा दिखा सकती है। कहा जा रहा है कि फिल्म का पैमाना वेब सीरीज से कई गुना बड़ा होगा। मिर्जापुर की सत्ता, खूनी संघर्ष और खतरनाक खेल अब बड़े पर्दे पर और भी ज्यादा सजीव और भयंकर तरीके से सामने आएगा।
View this post on Instagram
दमदार स्टार कास्ट के साथ कुछ नए चेहरे भी होंगे शामिल
‘मिर्जापुर’ के वह किरदार जो दर्शकों के दिलों में बस चुके हैं, अब बड़े पर्दे पर लौटेंगे। पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु शर्मा और अभिषेक बनर्जी जैसे कलाकार फिल्म में मुख्य भूमिका निभाते दिखेंगे। इसके साथ ही इस बार कुछ नए सितारों का भी आगमन होगा। खबरों के मुताबिक जित्रेंद्र कुमार (जीतू भैया) और रवि किशन भी फिल्म का हिस्सा होंगे, जो कहानी में नए ट्विस्ट और रोमांच जोड़ेंगे। यह नई ऊर्जा ‘मिर्जापुर’ के इस नए अध्याय को और भी खास बनाएगी।
थिएटर रिलीज के बाद होगी OTT पर धमाकेदार स्ट्रीमिंग
‘मिर्जापुर: द फिल्म’ पहले बड़े पर्दे पर रिलीज होगी और फिर अमेज़न प्राइम वीडियो पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध होगी। मेकर्स की रणनीति साफ है: पहले थिएटर में धूम मचाना और फिर OTT पर दूसरी बार धमाका करना। यह फिल्म 2026 में रिलीज होगी। ‘मिर्जापुर’ के राइटर पुणीत कृष्णा हैं, जबकि फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह कर रहे हैं। यह वेब सीरीज 2018 में अपनी पहली सीजन के साथ शुरू हुई थी, दूसरा सीजन 2020 में और तीसरा 2024 में आया। हर सीजन ने दर्शकों से शानदार रिस्पॉन्स पाया है। अब जब ‘मिर्जापुर’ बड़े पर्दे पर आ रहा है, तो इसकी निगाहें हर तरफ से इस पर टिकी हैं।