क्या मेसी का भारत दौरा उनके करियर का सबसे यादगार पल साबित हुआ?

अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी हाल ही में तीन दिवसीय भारत दौरे पर आए थे। इस दौरान उन्होंने कोलकाता, हैदराबाद, मुंबई और अंत में दिल्ली का दौरा किया। मेसी जहां भी गए, वहां उनके फैंस का उत्साह देखते ही बनता था। स्टेडियम हर बार दर्शकों से खचाखच भरे नजर आए। कोलकाता में उन्होंने अपने वर्ल्ड कप ट्रॉफी के साथ 70 फुट ऊंचे स्टेच्यू का अनावरण भी किया, जिसे देखकर वहां मौजूद लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। भारत दौरे के दौरान मेसी ने फुटबॉल के प्रति भारतीय फैंस की दीवानगी का पूरा अनुभव किया।
लियोनेल मेसी का खास इंस्टाग्राम पोस्ट
भारत दौरे के बाद मेसी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने एक वीडियो क्लिप के माध्यम से भारत और उसके लोगों का धन्यवाद किया। वीडियो में मेसी ने अपने दौरे के यादगार लम्हों को संजोया और दर्शकों के लिए अपनी भावनाएँ व्यक्त कीं। वीडियो के कैप्शन में मेसी ने लिखा, “नमस्ते इंडिया, दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और कोलकाता की यात्रा यादगार रही। हार्दिक स्वागत, आदर-सत्कार और इस पूरे दौरे पर प्यार दिखाने के लिए सबका धन्यवाद। मुझे आशा है कि भारत में फुटबॉल का भविष्य उज्जवल होगा।”
भारत लौटने का वादा
लियोनेल मेसी इससे पहले साल 2011 में भारत आए थे। 14 साल बाद उन्होंने फिर से भारत दौरे पर आने का निर्णय लिया। इंस्टाग्राम पर साझा वीडियो क्लिप में मेसी ने कहा, “हम यहां मिले भरपूर प्यार के साथ वापस लौट रहे हैं और वापस आएंगे। मैं आशा करता हूं कि हम एक दिन भारत आकर फुटबॉल मैच खेल पाएंगे, लेकिन निःसंदेह हम भारत वापस आएंगे।” उनके इस बयान ने भारतीय फैंस के बीच खुशी और उत्साह का माहौल बना दिया।
टी20 वर्ल्ड कप का स्पेशल तोहफा
भारत दौरे के दौरान मेसी की मुलाकात भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर से भी हुई। सचिन ने मेसी को अपनी 2011 ODI वर्ल्ड कप जर्सी भेंट की, वहीं मेसी ने उन्हें 2022 फुटबॉल वर्ल्ड कप की गेंद भेंट की। इसके अलावा, मेसी को भारत और श्रीलंका में होने वाले 2026 टी20 वर्ल्ड कप का टिकट भी तोहफे में मिला। ICC चेयरमैन जय शाह ने उन्हें 7 फरवरी को होने वाले भारत बनाम यूएसए वर्ल्ड कप मैच का टिकट गिफ्ट किया। यह नजारा भारतीय फैंस और खेल जगत के लिए खास था और मेसी के भारत दौरे को और यादगार बना दिया।
