मनोरंजन

शेफाली जरीवाला के निधन के बाद पति पराग त्यागी ने दिल पर बनवाया उनका टैटू, तस्वीर वायरल

मनोरंजन जगत की मशहूर अदाकारा शेफाली जरीवाला के अचानक निधन की खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया था। 27 जून को मात्र 42 साल की उम्र में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन से पति पराग त्यागी गहरे सदमे में हैं और लगातार अपनी पत्नी की यादों में खोए रहते हैं। पराग अक्सर शेफाली की याद में कुछ न कुछ करते रहते हैं। हाल ही में उन्होंने अपनी पत्नी की स्मृति में Shefali Jariwala Rise Foundation की शुरुआत की, जो लड़कियों की शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के लिए काम करेगा। इसके बाद अब उन्होंने एक और कदम उठाया है, जिसने फैंस को भावुक कर दिया। पराग ने शेफाली का एक खूबसूरत टैटू अपने सीने पर बनवाया है ताकि वह हमेशा दिल के करीब रहें।

सीने पर बनवाया टैटू

सोशल मीडिया पर हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें पराग त्यागी टैटू बनवाते नज़र आ रहे हैं। मशहूर टैटू आर्टिस्ट ने यह वीडियो साझा किया है, जिसमें शेफाली की तस्वीर को पराग के सीने पर उकेरा जा रहा है। यह वही तस्वीर है जिसे पराग ने अपने घर में फ्रेम करवाकर लगाया था। अब उसी तस्वीर को उन्होंने टैटू के रूप में अपने दिल के पास अंकित कर लिया है। वीडियो सामने आने के बाद पराग और शेफाली के फैंस काफी इमोशनल हो गए। किसी ने कमेंट कर पराग को हिम्मत दी तो किसी ने शेफाली की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

शेफाली की याद में पॉडकास्ट की शुरुआत

शेफाली को याद करते हुए पराग ने इससे पहले भी कई पहल की हैं। उन्होंने अपनी और शेफाली की शादी की सालगिरह पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने बताया कि उन्होंने शेफाली की याद में एक YouTube चैनल शुरू किया है। इसका नाम उन्होंने Simba Shefali Parag Tyagi रखा है। इस चैनल पर पराग शेफाली से जुड़ी बातें और 27 जून की उस रात के बारे में भी बताएंगे, जिसने उनकी ज़िंदगी बदल दी। पराग और शेफाली 2010 से साथ थे और 2014 में दोनों ने शादी की थी। इस पॉडकास्ट से होने वाली सारी आय को पराग ने फाउंडेशन में लगाने का निर्णय लिया है, ताकि शेफाली का सपना और सोच जिंदा रह सके।

प्यार, यादें और अधूरे सपने

पराग त्यागी रोज़ाना सोशल मीडिया पर शेफाली को याद करते हुए भावुक पोस्ट साझा करते रहते हैं। उनकी और शेफाली की लाइफ का अहम हिस्सा उनका पालतू कुत्ता सिम्बा भी है, जो अब पराग के साथ ही रहता है। कई वीडियोज़ में सिम्बा भी उदास दिखाई दिया, जिससे फैंस और भी इमोशनल हो गए। पराग ने कई बार बताया कि कैसे वह शेफाली को पहली नज़र में ही दिल दे बैठे थे। शादी के बाद शेफाली ने एक बच्चे को गोद लेने की इच्छा जताई थी, लेकिन यह सपना पूरा नहीं हो पाया। शेफाली जरीवाला को लोग आज भी “कांटा लगा गर्ल” के नाम से याद करते हैं। उनका जाना इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों के लिए एक बड़ा झटका है, लेकिन पराग की कोशिश है कि शेफाली की यादें हमेशा ज़िंदा रहें और उनका अधूरा सपना पूरा हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button