यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर! हिंजवड़ी-शिवाजीनगर मेट्रो ट्रायल सफल

पुणे के नागरिकों के लिए एक अच्छी खबर है जो रोजाना हिंजवड़ी के राजीव गांधी इन्फोटेक पार्क तक सफर करते हैं। पुणे मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (PMRDA) ने मेट्रो लाइन 3 की पहली ट्रायल रन सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। यह ट्रायल रन मान डिपो से PMR4 स्टेशन तक की गई थी। यह 23.3 किलोमीटर लंबे हिंजवड़ी-शिवाजीनगर कॉरिडोर का हिस्सा है और मार्च 2026 तक आम यात्रियों के लिए इसकी शुरुआत होने की उम्मीद है।
ट्रैफिक जाम से मिलेगी बड़ी राहत
पुणे से हिंजवड़ी तक रोज आने-जाने वाले लोगों को लंबे समय से ट्रैफिक जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इस मेट्रो रूट से हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी। अब तक सड़क मार्ग से सफर में काफी समय बर्बाद होता था लेकिन मेट्रो शुरू होने के बाद यह दूरी कुछ ही मिनटों में पूरी हो सकेगी। पहले यह प्रोजेक्ट जमीन अधिग्रहण और तकनीकी कारणों से अटका हुआ था लेकिन अब लगभग 87% काम पूरा हो चुका है और बाकी कार्य भी अंतिम चरण में है।
23 स्टेशन और 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार
हिंजवड़ी से शिवाजीनगर के बीच बनने वाली मेट्रो लाइन में कुल 23 स्टेशन होंगे। यह मेट्रो खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद होगी जो IT पार्क में काम करते हैं। अनुमान है कि रोज़ाना एक लाख से अधिक लोग इस रूट पर यात्रा करते हैं। मेट्रो की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटा होगी और एक ट्रेन में एक साथ 1000 लोग यात्रा कर सकेंगे। यात्रियों के लिए यह सुविधा एक गेमचेंजर साबित हो सकती है।
देश की पहली पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मेट्रो परियोजना
यह मेट्रो लाइन भारत की पहली पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर आधारित मेट्रो परियोजना है। इसे टाटा और सायमन्स की संयुक्त कंपनी पुणे IT सिटी मेट्रो रेल लिमिटेड द्वारा विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना की शुरुआत 25 नवंबर 2021 को हुई थी और अब यह अपने मुकाम की ओर बढ़ रही है। मेट्रो के लिए अब तक चार ट्रेनें परियोजना को मिल चुकी हैं और सभी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हैं।
भविष्य में स्मार्ट यात्रा की नींव
इस मेट्रो प्रोजेक्ट की सफलता से न केवल हिंजवड़ी और शिवाजीनगर के बीच यात्रा सुगम होगी बल्कि पूरे पुणे में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार की राह भी खुलेगी। इससे भविष्य में स्मार्ट सिटी की ओर बढ़ने में शहर को बड़ी मदद मिलेगी। यदि सब कुछ योजना के अनुसार चला, तो मार्च 2026 से यात्रियों को मेट्रो की सुविधा मिलने लगेगी।