अमित शाह का मथुरापुर से भाजपा की जीत के बाद ममता के गुंडों को जेल में डालने का ऐलान

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को दक्षिण 24 परगना के मथुरापुर से परिवर्तन यात्रा की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी पर जमकर हमला बोला। शाह ने कहा कि वोटर लिस्ट से घुसपैठियों के नाम कटने से ममता दीदी को परेशानी हो रही है, लेकिन अगर बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी तो एक-एक घुसपैठिए को चुनकर राज्य से बाहर निकाल दिया जाएगा। उन्होंने पंचायत चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए हमलों का भी जिक्र किया और कहा कि कई लोग मारे गए, अपाहिज हुए और आज तक घर नहीं लौटे।
भाजपा का वादा: गुंडों को सजा दिलाना और कानून का राज
अमित शाह ने कहा कि ममता बनर्जी को लगता है कि उनके अक्रांत से भाजपा डर जाएगी, लेकिन मैं आज मथुरापुर से कहता हूं कि एक बार भाजपा की सरकार बन गई तो ममता बनर्जी के गुंडों को उल्टा लटकाकर सीधा किया जाएगा। हर एक आरोपी को चुन-चुनकर जेल की सलाखों के पीछे डाला जाएगा। शाह ने कहा कि ममता का उद्देश्य जनता का कल्याण नहीं बल्कि अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी का राजनीतिक भला करना है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में विभिन्न घोटाले हुए हैं, जैसे शिक्षक भर्ती, नगर निगम भर्ती, गाय तस्करी, PDS राशन, मनरेगा और पीएम आवास योजना घोटाले।

मदरसों और बजट पर शाह का तंज
अमित शाह ने हाल ही में पास हुए बंगाल के बजट को लेकर भी तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि साइंस और टेक्नोलॉजी के लिए केवल 80 करोड़ रुपये दिए गए, जबकि मदरसों को 5,700 करोड़ रुपये मिले। शाह ने पूछा कि क्या TMC की प्राथमिकता राज्य के युवाओं को रोजगार देना है या मदरसों की संख्या बढ़ाना? उन्होंने तुष्टिकरण की नीति को बंगाल के विकास में बाधक बताया और कहा कि पिछले 15 वर्षों में बंगाल 8 लाख करोड़ रुपये के ऋण में डूबा है। हर नवजात बच्चे पर 77 हजार रुपये का ऋण आता है। भ्रष्टाचार की वजह से बंगाल का नाम देश में TMC की भ्रष्टाचार की सरकार से जुड़ा है।
LIVE: HM Shri @AmitShah addresses Parivartan Yatra Sabha in South 24 Parganas, West Bengal. #PoribortonSongkolpoBJPBikolpo https://t.co/2527jmd8sj
— BJP (@BJP4India) March 2, 2026
कर्मचारियों के अधिकार और वेतन आयोग का वादा
अमित शाह ने बंगाल सरकार के कर्मचारियों के अधिकारों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 15 सालों में कर्मचारियों ने ममता सरकार की बहुत मदद की, लेकिन उन्हें 7वां वेतन आयोग नहीं मिला। देश के अन्य राज्यों में कर्मचारियों को 7वां वेतन आयोग मिल चुका है। शाह ने आश्वासन दिया कि अगर भाजपा की सरकार बनी तो 45 दिन में ही बंगाल के कर्मचारियों को 7वां वेतन आयोग की तनख्वाह मिल जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की सरकार में भ्रष्टाचार कम होगा और जनता का कल्याण सुनिश्चित होगा।