देश

IndiGo की रद्द हुई फ्लाइट्स के बीच रेलवे की पहल, मुंबई एयरपोर्ट पर यात्रियों को ट्रेन से सफर कराने का विकल्प मिला

छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे, मुंबई के टर्मिनल 1 (T1) से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए 8 दिसंबर सुबह 8:15 बजे तक इंडिगो फ्लाइट्स की ताज़ा जानकारी जारी की गई है। आज, 8 दिसंबर को इंडिगो की पांच घरेलू उड़ानें रद्द की गई हैं, लेकिन कल, यानी 7 दिसंबर के मुकाबले फ्लाइट सेवाओं की स्थिति काफी बेहतर है। अधिकांश उड़ानें समयानुसार चल रही हैं। मुंबई से 15 प्रमुख घरेलू मार्गों पर उड़ानें लगभग निर्धारित समय पर चल रही हैं। लगातार फ्लाइट रद्द होने से हुए असुविधा को देखते हुए भारतीय रेलवे ने यात्रियों की मदद के लिए विशेष पहल की है।

रद्द की गई उड़ानें और चल रही उड़ानों की जानकारी

8 दिसंबर की सुबह तक रद्द हुई इंडिगो की पांच उड़ानें हैं – मुंबई से गोवा, दरभंगा, हैदराबाद, कोलकाता और भुवनेश्वर के लिए। हालांकि ये उड़ानें रद्द हैं, लेकिन मुंबई से दिल्ली, प्रयागराज, जबलपुर, पटना, कोच्चि, कानपुर, अहमदाबाद, हैदराबाद, कन्नूर, बेंगलुरु, हिंडन, गोरखपुर, चेन्नई, कालिकट और कोयंबटूर के लिए उड़ानें निर्धारित समय पर चल रही हैं या उनकी चेक-इन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। विशेष रूप से हैदराबाद के लिए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति दोबारा जांच लें क्योंकि एक उड़ान रद्द है जबकि दूसरी उड़ान समय पर चल रही है। इसके अलावा, सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी लगभग समयानुसार संचालित हो रही हैं।

IndiGo की रद्द हुई फ्लाइट्स के बीच रेलवे की पहल, मुंबई एयरपोर्ट पर यात्रियों को ट्रेन से सफर कराने का विकल्प मिला

भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सहायता के लिए किया विशेष इंतजाम

इंडिगो की उड़ानों में हो रही रद्दीकरण की वजह से मुंबई हवाईअड्डे पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस स्थिति को देखते हुए केंद्रीय और पश्चिमी रेलवे ने हवाईअड्डे पर एक काउंटर स्थापित किया है। यहां यात्रियों को वंदे भारत एक्सप्रेस सहित विभिन्न ट्रेनों के लिए टिकट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उदाहरण के तौर पर, डॉ. संजय देशमुख जो आज नागपुर के लिए इंडिगो की उड़ान से जाने वाले थे, उनकी उड़ान रद्द हो गई। उन्होंने एयरपोर्ट पर रेलवे हेल्प डेस्क पर संपर्क किया और ट्रैन से यात्रा करने का विकल्प चुना। इस तरह रेलवे की मदद से कई यात्री अपनी मंजिल तक पहुंच पा रहे हैं।

खोए हुए लगेज के लिए अलग से काउंटर की व्यवस्था

आज भी कई इंडिगो फ्लाइट रद्द हुई हैं, लेकिन यात्रियों को पहले ही संदेशों और सूचनाओं के माध्यम से सूचित कर दिया गया है, जिससे एयरपोर्ट पर भीड़ अपेक्षाकृत कम है। मुंबई हवाईअड्डे पर यात्रियों के खोए हुए सामान को लौटाने के लिए विशेष काउंटर स्थापित किए गए हैं। अन्य एयरपोर्ट के मुकाबले मुंबई एयरपोर्ट पर खोए हुए सामान की शिकायतें काफी कम हैं, जिससे यात्रियों को राहत मिली है।

इंडिगो की उड़ानें धीरे-धीरे सामान्य हो रही हैं

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने रविवार को बताया कि रविवार को लगभग 1,650 उड़ानें संचालित की जाएंगी और एयरलाइन धीरे-धीरे सामान्य स्थिति की ओर बढ़ रही है। पिछले कुछ दिनों में सैकड़ों उड़ानों के रद्द होने और देरी से हजारों यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। शनिवार को इंडिगो ने लगभग 1,500 उड़ानें संचालित की थीं जबकि शुक्रवार को यह संख्या 700 से थोड़ी अधिक थी। इस सुधार के साथ ही यात्रियों को जल्द ही उड़ान सेवाओं में पूरी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button