SBI ने जारी किया नया साइबर अलर्ट, नकली KYC और बैंक लेटर से रहें सावधान

भारत का सबसे बड़ा बैंक State Bank of India (SBI) ने हाल ही में अपने करोड़ों ग्राहकों के लिए एक और सुरक्षा चेतावनी जारी की है. बैंक ने बताया कि ठगों ने साइबर फ्रॉड के नए तरीके अपनाए हैं. स्कैमर्स अब नकली ‘बैंक लेटर’ और ‘KYC अलर्ट’ भेजकर ग्राहकों को फंसाने की कोशिश कर रहे हैं. इसके साथ ही ग्राहक को धोखा देने के लिए खतरनाक APK फाइलें भी भेजी जा रही हैं. बैंक ने कहा है कि इन फाइलों को खोलना आपके फोन और पैसे दोनों के लिए जोखिम भरा हो सकता है.
APK फाइलों से बचाव के लिए SBI की महत्वपूर्ण सलाह
SBI ने अपने ग्राहकों से कहा है कि किसी भी ऐप को केवल आधिकारिक ऐप स्टोर – Google Play Store और Apple App Store से ही डाउनलोड करें. बैंक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया, ”धोखेबाज नुकसान पहुंचाने वाले APK लिंक के साथ नकली ‘बैंक लेटर’ और ‘KYC अलर्ट’ भेज रहे हैं. इस पर टैप करना आपके लिए भारी नुकसान का कारण बन सकता है.” बैंक ने अपने ग्राहकों को साइबर फ्रॉड की रिपोर्ट करने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने की सलाह भी दी है.

नकली ऐप्स की पहचान कैसे करें
ग्राहकों को नकली ऐप्स से बचने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है. सबसे पहले ऐप डाउनलोड करने से पहले डेवलपर का नाम चेक करें, क्योंकि स्कैमर्स अक्सर असली कंपनियों के नाम से मिलते-जुलते नाम रखते हैं. इसके अलावा, असली ऐप्स के आमतौर पर लाखों डाउनलोड होते हैं, जबकि नकली ऐप्स की संख्या कम होती है. केवल स्टार या रेटिंग देखने के बजाय रिव्यू पढ़ना भी जरूरी है. अगर रिव्यू एक जैसे हों या उनमें गलतियां दिखाई दें, तो ऐप को इंस्टॉल करने से बचें.
ऐप एक्सेस और सुरक्षा पर ध्यान दें
SBI ने चेताया कि ऐप इंस्टॉल करने से पहले देखना चाहिए कि वह आपसे कौन-कौन सा एक्सेस मांग रहा है. उदाहरण के तौर पर, अगर कोई ऐप आपकी कॉन्टैक्ट लिस्ट, गैलरी या व्यक्तिगत डेटा तक पहुंच मांग रहा है, तो वह खतरनाक हो सकता है. बैंक ने ग्राहकों को सतर्क रहने और संदिग्ध फाइलों पर क्लिक न करने की सलाह दी है. यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब साइबर फ्रॉड लगातार बढ़ रहा है और डिजिटल लेन-देन में ग्राहकों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण बन गई है.
