देश

केजरीवाल की सोच से टूटी राजनीति की पुरानी दीवारें! अब जनता बना रही है सरकार

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में खास आयोजन कर पंजाब और गुजरात उपचुनाव में मिली बड़ी जीत का जश्न मनाया। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस मौके पर जनता का आभार जताते हुए कहा कि यह सिर्फ चुनाव की जीत नहीं बल्कि भरोसे और उम्मीद की जीत है। उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की पकड़ मजबूत हो रही है और गुजरात की जनता ने बदलाव की राजनीति को अपना लिया है।

लुधियाना और विसावदर के नवनिर्वाचित विधायक बने बदलाव के प्रतीक

लुधियाना वेस्ट से संजीव अरोड़ा और गुजरात के विसावदर से गोपाल इटालिया की जीत पर केजरीवाल ने खास तौर पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि संजीव अरोड़ा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ कंधे से कंधा मिलाकर राज्य को आगे ले जाएंगे और गोपाल इटालिया गुजरात विधानसभा में बीजेपी को चुनौती देंगे। केजरीवाल ने यह भी कहा कि इन दोनों नेताओं ने मेहनत की और जनता ने उन पर भरोसा जताया, यही सच्ची राजनीति है।

एंटी इनकंबेंसी नहीं, बल्कि जनता का साथ मिला

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अक्सर सरकार के तीन साल पूरे होने के बाद एंटी इनकंबेंसी का सामना करना पड़ता है लेकिन पंजाब में ऐसा नहीं हुआ। लुधियाना उपचुनाव में AAP की जीत का मार्जिन यह बताता है कि जनता सरकार के साथ है। उन्होंने कहा कि यह जीत ‘प्रो इनकंबेंसी वेव’ की मिसाल है और यह जनता के बीच सरकार की छवि को दर्शाता है।

गुजरात में AAP की एंट्री बनी BJP के लिए चुनौती

गुजरात में गोपाल इटालिया की जीत पर केजरीवाल ने कहा कि यह 2027 के लिए संकेत है। उन्होंने कहा कि लोग बीजेपी से तंग आ चुके हैं और अब उनके पास एक मजबूत विकल्प आम आदमी पार्टी के रूप में है। कांग्रेस अब विकल्प नहीं रही क्योंकि उनके 17 में से 5 विधायक बीजेपी में चले गए। जनता अब असली बदलाव चाहती है और वह AAP के साथ खड़ी हो रही है।

‘राजशाही से जनता तक’ की कहानी सुनाई भगवंत मान ने

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने संबोधन में कहा कि जब पैसा और सत्ता साथ आ जाते हैं तो आम आदमी के लिए जीतना कठिन होता है लेकिन AAP ने यह कर दिखाया। उन्होंने कहा कि हम जैसे आम लोग आज राजभवनों में बैठे हैं तो यह सिर्फ जनता और संविधान की ताकत से संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल परिवार के मुखिया की तरह इस पूरी टीम को आगे ले जा रहे हैं और जनता का भरोसा ही हमारी असली ताकत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button