जल जीवन मिशन 2.0 को मिली मंजूरी, 12.6 करोड़ ग्रामीण घरों तक पहुंचेगा पानी

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने तमिलनाडु के मदुरै एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित करने का प्रस्ताव मंजूर किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यह बड़ा फैसला लिया गया। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय दर्जा मिलने के बाद विदेशी पर्यटक और तीर्थयात्री आसानी से मदुरै पहुंच सकेंगे। इससे न केवल पर्यटन बढ़ेगा बल्कि स्थानीय व्यापार और एक्सपोर्ट सेक्टर को भी मजबूती मिलेगी।
जल जीवन मिशन 2.0 को मिली नई मंजूरी
केंद्र सरकार ने अपने महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट जल जीवन मिशन 2.0 को भी हरी झंडी दे दी है। इस नए चरण का लक्ष्य दिसंबर 2028 तक देश के 12.6 करोड़ ग्रामीण घरों को नल कनेक्शन प्रदान करना है। सरकार ने इसके कुल बजट को बढ़ाकर 8.69 लाख करोड़ रुपये कर दिया है। मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में जल सुरक्षा सुनिश्चित करने और जीवन स्तर बढ़ाने के लिए अहम कदम साबित होगी।

रेलवे और रोड नेटवर्क में बड़े निवेश
केंद्रीय कैबिनेट ने रेलवे सेक्टर में सांतरागाछी-खड़गपुर और सैंथिया-पाकुर के बीच चौथी लाइन बिछाने के लिए 4,400 करोड़ रुपये से अधिक का बजट मंजूर किया। इसके अलावा रोड नेटवर्क सुधार के लिए बदनावर-थांदला-तिमरवानी (NH 752D) की 4-लेनिंग को भी मंजूरी दी गई। यह कदम न केवल माल और यात्री वाहनों के लिए सुविधा बढ़ाएगा बल्कि राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कनेक्टिविटी को भी मजबूत करेगा।
जेवर एयरपोर्ट के लिए हाई-स्पीड कनेक्टिविटी
कैबिनेट ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़ी जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक 31.42 किलोमीटर लंबी ग्रीनफील्ड सड़क परियोजना को मंजूरी दी। इसमें 11 किलोमीटर लंबी एलीवेटेड रोड का निर्माण शामिल है। इससे दक्षिण दिल्ली, फरीदाबाद और गुरुग्राम के लोगों को एयरपोर्ट तक तेज़ और सुरक्षित कनेक्टिविटी मिलेगी। इस प्रोजेक्ट का बजट 3,630.77 करोड़ रुपये रखा गया है।
