केंद्र सरकार का एलान: देश में क्रूड ऑयल और LPG-CNG की कोई कमी नहीं

केंद्र सरकार ने साफ किया है कि देश में क्रूड ऑयल पर्याप्त मात्रा में मौजूद है और LPG-CNG की सप्लाई सौ फीसदी चल रही है। पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि राज्यों में कमर्शियल LPG का वितरण शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि सभी रिफाइनरियां अपनी पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और पेट्रोल पंप सामान्य रूप से खुले हैं। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि देश में कहीं भी तेल या गैस की कमी की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है।
एलपीजी की स्थिति और घरेलू उपभोक्ताओं की प्राथमिकता
सुजाता शर्मा ने कहा कि हालांकि एलपीजी की स्थिति कुछ राज्यों में चिंताजनक है, लेकिन घरेलू उपभोक्ताओं को पूरी तरह से गैस की सप्लाई दी जा रही है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग में लगातार वृद्धि हो रही है और डिलीवरी ऑथेंटिकेशन रेट में सुधार हुआ है। पहले यह केवल 53 प्रतिशत था, अब बढ़कर 72 प्रतिशत हो गया है। कई राज्यों ने कमर्शियल एलपीजी का वितरण शुरू किया है और इसके साथ ही जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए लगातार बैठकों का आयोजन किया जा रहा है।

पीएनजी में शिफ्ट होने का विकल्प और नई सुविधाएं
सुजाता शर्मा ने बताया कि जो लोग एलपीजी से पीएनजी पर शिफ्ट होना चाहते हैं, वे कस्टमर केयर से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, ऑनलाइन विकल्प भी उपलब्ध हैं। पीएनजी कंपनियों ने नए उपभोक्ताओं के लिए आकर्षक ऑफर भी जारी किए हैं। कई राज्यों में रिटेल आउटलेट पर सरप्राइज इंस्पेक्शन भी किए जा रहे हैं। कुल मिलाकर 1100 लोकेशन पर जांच की जा रही है, ताकि गैस की सप्लाई में कोई गड़बड़ी न हो।
जनता के लिए ऑनलाइन बुकिंग और सुरक्षा उपाय
सुजाता शर्मा ने जनता से अपील की कि वे एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी के लिए ऑनलाइन बुकिंग का इस्तेमाल करें। इससे सिलेंडर घर पर समय पर मिलेगा और उपभोक्ताओं को अतिरिक्त परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। केंद्र सरकार लगातार यह सुनिश्चित कर रही है कि LPG-CNG और पेट्रोलियम उत्पादों की सप्लाई में बाधा न आए। सरकार का कहना है कि सभी राज्यों में मिलकर जमाखोरी और कालाबाजारी पर नियंत्रण रखा जा रहा है।
