खेल

ब्रेट रैंडेल ने फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में पांच गेंदों पर पांच विकेट लेकर इतिहास रचा

न्यूजीलैंड के घरेलू क्रिकेट में सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स के तेज गेंदबाज ब्रेट रैंडेल ने ऐसा कारनामा किया है, जिसने क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी है. उन्होंने प्लंकेट शील्ड मुकाबले में लगातार पांच गेंदों पर पांच विकेट लेकर इतिहास रच दिया. नेपियर में सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स और नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स के बीच खेले जा रहे मुकाबले के दूसरे दिन रैंडेल की घातक गेंदबाजी ने विरोधी टीम की मजबूत शुरुआत को कुछ ही मिनटों में ध्वस्त कर दिया. नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स का स्कोर बिना किसी नुकसान के 4 रन था, लेकिन पांच गेंदों में यह 9 रन पर 5 विकेट तक सिमट गया.

कैसे बने लगातार पांच विकेट

ब्रेट रैंडेल ने अपनी दूसरी ओवर की आखिरी गेंद पर ओपनर हेनरी कूपर को बोल्ड कर पहली सफलता हासिल की. इसके बाद अगले ओवर की पहली गेंद पर जीत रावल को बोल्ड किया और तीसरे विकेट के रूप में जो कार्टर कैच आउट हुए. इसी के साथ रैंडेल ने हैट्रिक पूरी की. इसके बाद रॉबर्ट ओ’डॉनेल और क्रिस्टियन क्लार्क को आउट कर लगातार पांच गेंदों में पांच विकेट लेने वाला अनोखा रिकॉर्ड बना. इस अद्भुत स्पेल के चलते रैंडेल ने न केवल विरोधी बल्लेबाजों को चौंका दिया बल्कि क्रिकेट प्रेमियों के बीच अपनी जगह बना ली.

ब्रेट रैंडेल ने फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में पांच गेंदों पर पांच विकेट लेकर इतिहास रचा

पूरी टीम 82 रन पर सिमटी

रैंडेल ने थोड़ी देर बाद बेन पोमारे और स्कॉट कुगलेइजन को भी आउट किया और फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में 8 गेंदों में 6 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए. उन्होंने कुल 11 ओवर में सिर्फ 25 रन देकर 7 बल्लेबाजों को आउट किया. नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स की पूरी टीम केवल 82 रन पर ढेर हो गई. इससे पहले सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स ने अपनी पहली पारी में 373 रन बनाए थे, जिसके चलते विरोधी टीम को फॉलो-ऑन खेलना पड़ा. रैंडेल की घातक गेंदबाजी ने मैच को एकतरफा बना दिया और उनके इस प्रदर्शन ने क्रिकेट जगत में नया रिकॉर्ड दर्ज कर दिया.

रैंडेल की प्रतिक्रिया और पहले हुए रिकॉर्ड

अपने ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद रैंडेल ने कहा कि वह खुद इस उपलब्धि से हैरान हैं. उन्होंने बताया कि वह बस लाइन-लेंथ बनाए रखने और टीम की रणनीति के अनुसार गेंदबाजी कर रहे थे. अगर टीम के सीनियर गेंदबाज उपलब्ध होते तो शायद उन्हें खेलना ही नहीं पड़ता, लेकिन चोटों के कारण मौका मिला और उन्होंने इसे इतिहास में बदल दिया. फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में यह पहली बार हुआ है, लेकिन टी20 क्रिकेट में पहले भी ऐसा कारनामा दर्ज हो चुका है. कर्टिस कैम्फर और केलिस नधलोवु जैसे खिलाड़ियों ने पहले टी20 मैच में लगातार पांच गेंदों में पांच विकेट लिए थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button