चॉकलेट की अनोखी चोरी से हड़कंप, KitKat की बड़ी खेप गायब, कंपनी ने दी प्रतिक्रिया

यूरोप से एक बेहद अनोखा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसे लोग “KitKat Heist” के नाम से चर्चा कर रहे हैं। सामान्य तौर पर जहां चोरी की घटनाओं में पैसे, गहने या कीमती सामान गायब होते हैं, वहीं इस बार करीब 12 टन KitKat चॉकलेट चोरी हो गई। यह खेप Nestle कंपनी की थी, जो इटली की एक फैक्ट्री से पोलैंड भेजी जा रही थी। ट्रक में कंपनी की नई “Formula One (F1)” रेंज की चॉकलेट भी शामिल थी। अनुमान के मुताबिक, यह लगभग 4 लाख से अधिक चॉकलेट यूनिट्स थीं, जो बीच रास्ते से अचानक गायब हो गईं। इस घटना ने सप्लाई चेन और लॉजिस्टिक्स सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
बीच रास्ते ट्रक लापता, जांच में जुटी एजेंसियां
जानकारी के अनुसार, चॉकलेट से लदा ट्रक जैसे ही सेंट्रल इटली से पोलैंड के लिए रवाना हुआ, वह रास्ते में ही रहस्यमय तरीके से लापता हो गया। Nestle ने AFP को बताया कि यह ट्रांसपोर्ट के दौरान हुई चोरी है और कंपनी की नई चॉकलेट रेंज की बड़ी खेप चोरी हो गई है। कंपनी ने इस मामले में स्थानीय अधिकारियों और सप्लाई पार्टनर्स के साथ मिलकर जांच शुरू कर दी है। खास बात यह है कि चोरी हुए हर पैकेट पर यूनिक बैच कोड मौजूद है, जिससे भविष्य में अगर यह चॉकलेट बाजार में बेची जाती है तो उसे ट्रैक किया जा सकता है। बावजूद इसके, अभी तक ट्रक और चॉकलेट का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

Nestle की प्रतिक्रिया और हल्के अंदाज में टिप्पणी
Nestle ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए हल्के-फुल्के अंदाज में अपनी मशहूर टैगलाइन “Have a break” का जिक्र किया और कहा कि चोरों ने इसे शायद गंभीरता से ले लिया। कंपनी ने मजाकिया लहजे में यह भी कहा कि चोरों ने उनके उत्पाद का “बेहतरीन स्वाद” चुन लिया। हालांकि, कंपनी ने यह स्पष्ट किया कि इस चोरी का उनकी सप्लाई पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा और ग्राहकों को उत्पाद की उपलब्धता बनी रहेगी। इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा हो रही है और लोग इसे एक अनोखी चोरी के रूप में देख रहे हैं।
क्यों चॉकलेट बनी चोरों का आसान निशाना?
विशेषज्ञों के अनुसार, चॉकलेट और कन्फेक्शनरी जैसे उत्पाद चोरी के लिए अपेक्षाकृत आसान होते हैं क्योंकि इन्हें ब्लैक मार्केट या छोटे दुकानों में आसानी से बेचा जा सकता है। इनमें सीरियल नंबर जैसी ट्रैकिंग सुविधाएं नहीं होतीं, जिससे इन्हें पहचानना कठिन हो जाता है। इसके अलावा, बाजार में इनकी लगातार मांग बनी रहती है, जिससे इन्हें कम कीमत पर बेचकर अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है। कई बार चोर इन्हें छोटे पैकेटों में री-पैक करके, साप्ताहिक बाजारों या ऑनलाइन एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म्स जैसे टेलीग्राम और डार्क वेब के जरिए भी बेचते हैं। इस तरह की घटनाएं सप्लाई चेन सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत को भी उजागर करती हैं।
