एप्पल का पहला फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Fold होगा iPhone 18 Pro के साथ लॉन्च

एप्पल के पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Fold के बाजार में आने की संभावना जताई जा रही है। अनुमान है कि इसे iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max के साथ लॉन्च किया जाएगा। हालांकि, एप्पल ने अभी तक इस फोन के लॉन्च की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन लीक और अनुमान लगातार सामने आते रहते हैं। हाल ही में इसके CAD रेंडर्स ऑनलाइन लीक हुए हैं, जो बताते हैं कि यह फोन बुक-स्टाइल फोल्डेबल होगा और इसके डिजाइन और स्पेसिफिकेशन्स के बारे में कुछ रोचक जानकारी भी मिलती है।
iPhone Fold का डिजाइन और डिस्प्ले
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर टेक रिव्यूअर सोनी डिकसन ने iPhone Fold के CAD रेंडर्स साझा किए। इन रेंडर्स में फोन को फोल्ड और अनफोल्ड दोनों स्थितियों में दिखाया गया है। इसमें होल-पंच डिस्प्ले है और कवर डिस्प्ले पर कैमरा मौजूद है। सेल्फी और वीडियो कॉल्स के लिए कैमरा फोल्डेबल स्क्रीन के टॉप-लेफ्ट कोने में होने का अनुमान है। बैक पैनल iPhone 17 Pro जैसा डिज़ाइन दिखा सकता है और इसमें कैमरा आईलैंड के नीचे अलग ग्लास सेक्शन और एप्पल का लोगो हो सकता है।

डुअल रियर कैमरा और पोर्ट फीचर्स
लीक रिपोर्ट्स के अनुसार iPhone Fold में डुअल रियर कैमरा यूनिट हो सकती है। यह हॉरिज़ॉन्टल पिल-शेप्ड कैमरा मॉड्यूल में फिट होगा। इसके साथ सेकेंडरी माइक्रोफोन और LED फ्लैश भी देखने को मिल सकते हैं। स्मार्टफोन में USB टाइप-सी पोर्ट, पावर बटन, वॉल्यूम कंट्रोल और एक अज्ञात एक्शन बटन राइट साइड पर हो सकता है। इसके अलावा फोल्डेबल फोन की बॉडी टाइटेनियम और एल्यूमिनियम के कॉम्बिनेशन से बनी हो सकती है।
स्पेसिफिकेशन्स और चिपसेट
iPhone Fold में खोलने पर 7.8-इंच का मेन डिस्प्ले और 5.3-इंच का कवर डिस्प्ले होने की संभावना है। बैक में डुअल 48 मेगापिक्सल का कैमरा सेटअप मिलने की बात कही जा रही है। फोन में एप्पल का A20 Pro चिपसेट और C2 मॉडम कनेक्टिविटी के लिए शामिल हो सकता है। यह चिपसेट 2nm प्रोसेस पर बिल्ट होगा, जो फोन की परफॉर्मेंस और नेटवर्क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा। एप्पल के इस पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन को लेकर टेक प्रेमियों में उत्सुकता और क्रेज दोनों देखने को मिल रहा है।
