मनोरंजन

14 दिन में 4 किलो वजन कम, गंभीर संक्रमण से जूझ रहीं सबा आजाद अस्पताल में भर्ती

बॉलीवुड एक्टर ऋतिक रोशन की गर्लफ्रेंड और अभिनेत्री सबा आजाद इन दिनों गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपनी हेल्थ अपडेट साझा करते हुए बताया कि बीते 14 दिन उनकी जिंदगी के सबसे मुश्किल दिनों में से रहे। ‘साइक्लोस्पोरा कैटेनेंसिस’ नाम के संक्रमण के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा, जिससे उनका वजन महज दो हफ्तों में 4 किलो तक घट गया।

सबा ने इंस्टाग्राम पर अपनी तस्वीर शेयर करते हुए बताया कि उनकी हालत इतनी खराब हो गई थी कि चलना-फिरना तो दूर, एक छोटी सी टूथपिक उठाना भी उनके लिए बेहद मुश्किल हो गया था। उन्होंने लिखा कि वह हमेशा घर का खाना खाती हैं और साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखती हैं, फिर भी यह संक्रमण उन्हें हो गया, जो काफी हैरान करने वाला है।

अभिनेत्री ने बताया कि बीमारी से पहले वह नियमित रूप से वर्कआउट करती थीं, भारी वजन उठाती थीं और काफी एक्टिव लाइफस्टाइल जी रही थीं। लेकिन अचानक आई इस बीमारी ने उनकी शारीरिक ताकत को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। इस अनुभव के बाद उन्होंने अपने फैंस को खास तौर पर खान-पान और साफ-सफाई को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।

इस मुश्किल समय में ऋतिक रोशन उनके साथ मजबूती से खड़े नजर आए। सबा ने बताया कि ऋतिक ने उनके चिड़चिड़े मूड को भी संभाला और हर हाल में उनका हौसला बढ़ाया।

फिलहाल सबा की हालत धीरे-धीरे बेहतर हो रही है, लेकिन यह घटना एक बड़ा संदेश देती है कि स्वास्थ्य के प्रति जरा सी लापरवाही भी गंभीर परिणाम ला सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button