14 वर्षीय क्रिकेट स्टार वैभव सूर्यवंशी ने बोर्ड एग्जाम क्यों छोड़ा जानिए पूरा कारण

भारत के 14 वर्षीय स्टार क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी 17 फरवरी को 10वीं बोर्ड परीक्षा देने नहीं पहुंचे। इस बात की पुष्टि उनके पिता संजीव सूर्यवंशी ने की। उन्होंने बताया कि वैभव ने फिलहाल पढ़ाई को पीछे रखकर पूरी तरह क्रिकेट पर ध्यान देने का फैसला लिया है। वर्तमान में वह राजस्थान रॉयल्स के प्री-सीजन कैंप में हिस्सा ले रहे हैं और इसी कारण परीक्षा में अनुपस्थित रहे।
पिता ने बताई वजह
संजीव सूर्यवंशी ने मिड-डे को बताया कि अगर वैभव बोर्ड परीक्षा में शामिल होते, तो उन्हें क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित करना मुश्किल हो जाता। वैभव एक होनहार छात्र हैं और स्कूल में उनके सभी विषयों में 90 प्रतिशत से अधिक नंबर आते थे। लेकिन फिलहाल उनकी प्राथमिकता क्रिकेट है। संजीव ने कहा, “जब वैभव नियमित रूप से स्कूल जाता था, तो पढ़ाई में बहुत अच्छा था। अब उसकी प्राथमिकता क्रिकेट है और वह इसमें पूरी मेहनत लगा रहा है।”

स्कूल में अनुपस्थिति और नियम
17 फरवरी को वैभव पोदार इंटरनेशनल स्कूल में अनुपस्थित रहे। स्कूल के प्रिंसिपल एनके सिन्हा ने बताया कि नियमानुसार अनुपस्थित रहने के कारण वैभव को एबसेंट मार्क किया गया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि छात्र अपने अनुपस्थिति की वजहों को स्कूल को समय पर सूचित कर चुके थे। वैभव ने यह फैसला अपने खेल और कैरियर के लिए रणनीतिक रूप से लिया है और अगले साल परीक्षा देने का इरादा है।
अंडर-19 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन
वैभव सूर्यवंशी हाल ही में अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 175 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी। पूरे टूर्नामेंट में वह भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे और सात मैचों में 439 रन बनाए। इस प्रदर्शन ने उनके क्रिकेट करियर को नई ऊंचाइयों पर पहुँचाया है और यही वजह है कि उन्होंने फिलहाल बोर्ड परीक्षा को स्थगित करने का निर्णय लिया।
